उज्जैन की महाकाल थाना पुलिस ने चाकूबाजी और गुंडागर्दी के मामलों में शामिल एक आदतन अपराधी पर कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने से पहले उसका थाना क्षेत्र में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई गई और उससे अपराध नहीं करने के नारे भी लगवाए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम शादाब (28) है, जो शाला रहमत मुसलमान का बेटा और बेगमपुरा का रहने वाला है। उसके खिलाफ धारा 151 के तहत रोकथाम की कार्रवाई की गई है। शादाब पर पहले से गुंडागर्दी और चाकूबाजी समेत करीब 6 से 7 मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें रात के समय बारिश से भीगी सड़क पर पुलिसकर्मी आरोपी को बाजार से ले जाते दिख रहे हैं। वीडियो में आरोपी कान पकड़कर उठक-बैठक लगाता और अपनी गलतियों के लिए माफी मांगता नजर आ रहा है। वह भविष्य में अपराध नहीं करने की बात भी दोहरा रहा है। पुलिस ने आरोपी से "गुंडागर्दी नहीं करूंगा", "अपराध नहीं करूंगा", "अपराध करना पाप है", "महिलाओं का सम्मान करूंगा", "आम जनता के साथ मारपीट नहीं करूंगा", "चाकूबाजी नहीं करूंगा" और "दादागिरी नहीं करूंगा" जैसे नारे भी लगवाए। इस दौरान बाजार में मौजूद लोग और राहगीर पुलिस की इस कार्रवाई को देखते रहे। महाकाल थाना पुलिस ने आरोपी पर रोकथाम की कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया है।