सिंगरौली के सरई थाना पुलिस ने चोरी के लोहे के सामान के परिवहन के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन जब्त किया, जिसमें करीब 5 लाख रुपए का चोरी का लोहा लदा मिला। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को कस्बे और इलाके में गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी। जानकारी मिली कि पिकअप वाहन (MP66G2248) में चोरी का सामान भरकर रेलवे स्टेशन रोड, सरई से कस्बे की तरफ ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम अपने स्टाफ और गवाहों के साथ रेलवे तिराहा सरई पहुंची। वहां उन्होंने संदिग्ध पिकअप को रोका और उसकी जांच की। तलाशी लेने पर पिकअप के अंदर लोहे का पुराना सामान भरा मिला। पुलिस ने चालक से सामान के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह मौके पर कोई कागजात नहीं दिखा सका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जितेंद्र कुमार गुप्ता (23), पिता कन्हैयालाल गुप्ता, निवासी ग्राम रेलवे स्टेशन रोड सरई, जिला सिंगरौली बताया। चोरी के शक में पुलिस ने पिकअप वाहन और उसमें लदा लोहे का सामान जब्त कर लिया। इसे थाने के परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। जब्त सामान में एंगल, सरिया, वाहन के मशीनरी पार्ट्स और लोहे का खंभा जैसी चीजें शामिल हैं। पुलिस ने इस सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई है। इस मामले में सरई थाने में अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। इस कार्रवाई में सरई थाना पुलिस टीम के एसआई बबन सिंह, प्रधान आरक्षक 249 लक्ष्मीकांत साहू, आरक्षक 621 अनुराग मिश्रा और आरक्षक 661 मयंक हिरवानी शामिल थे।