भोपाल के अवधपुरी इलाके में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर छात्र ने युवती से रेप किया। आरोपी पिछले छह महीने से शादी का भरोसा दिलाकर युवती के साथ संबंध बना रहा था। अब युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने शनिवार को थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। थाने की दो टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। थाना प्रभारी सुरेश मीणा के मुताबिक 28 वर्षीय युवती दैनिक वेतन भोगी है। मार्च माह में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से छात्र से हुई थी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया। इस दौरान आरोपी युवक शादी करने का झांसा देकर उसके साथ रेप करता रहा। शादी से इनकार करने पर दर्ज कराई एफआईआर कुछ दिन पहले आरोपी युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। युवती के नंबर को भी ब्लॉक कर दिया। तमाम प्रयासों के बाद भी उसने पीड़िता से बात नहीं की। उसकी हरकतों से परेशान होकर युवती थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। अभी तक आरोपी युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।