शाजापुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन शनिवार को नंद उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर के कई कृष्ण मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का सुंदर श्रृंगार किया गया और विशेष पूजा-अर्चना हुई। भक्तों ने पालना दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के गोवर्धननाथ मंदिर, श्री द्वारकाधीश मंदिर, वजीरपुर के राधा-कृष्ण मंदिर और गुरुद्वारा परिसर के राधा-कृष्ण मंदिर में नंद उत्सव के खास कार्यक्रम हुए। मंदिरों को बहुत अच्छे से सजाया गया था। भगवान के बाल स्वरूप को पालने में बिठाया गया, जहां भक्तों ने बारी-बारी से पालना झुलाकर दर्शन किए। नंद उत्सव के दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजते रहे। भक्तों ने एक-दूसरे को हल्दी लगाकर नंद उत्सव की बधाई दी। इसके बाद सभी को माखन-मिश्री का प्रसाद बांटा गया। सुबह से ही मंदिरों में भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाएं, बच्चे और युवा सहित बड़ी संख्या में भक्त नंद उत्सव में शामिल हुए। जन्माष्टमी के बाद नंदोत्सव मनाने की परंपरा के तहत इन कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मंदिर समितियों ने दर्शन और प्रसाद बांटने की अच्छी व्यवस्था की थी। नंद उत्सव की अन्य तस्वीरें…