नरसिंहपुर जिले के सालीचौका स्थित सहावन टोला की 30 वर्षीय बबीता लोधी शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। महिला ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 16 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने पति प्रीतम लोधी के साथ स्कूटी से सालीचौका जा रही थीं। आरोप है कि छोटी बाबई पुलिया के पास लक्ष्मण लोधी समेत सात लोगों ने उनका रास्ता रोका और दोनों के साथ मारपीट की। हाथ पर गिरा तेजाब बबीता ने आरोप लगाया है कि उनके कपड़े फाड़कर मारपीट की गई और हाथ पर तेजाब डाल दिया गया। साथ ही सोने के कान के फूल, माला, लॉकेट और पायल भी छीन लिए गए। घटना के बाद डायल-112 की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें नरसिंहपुर रेफर किया गया। महिला का आरोप है कि दोनों के हाथ में फ्रैक्चर होने के बावजूद मेडिकल रिपोर्ट में सामान्य चोटें दिखाई गईं। पीड़िता ने कहा कि घटना के बाद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है और उनकी रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने आवेदन देकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।