मंदसौर पुलिस ने शनिवार को बागरिया गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गैंग मध्यप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र में चोरी की वारदातें करता था। आरोपियों के पास से करीब ₹20 लाख के सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। गैंग के चार अन्य आरोपी फरार हैं। एसपी विनोद कुमार मीना ने पुलिस कंट्रोल रूम में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को कोतवाली थाना क्षेत्र की हाउसिंग कॉलोनी में चोरी हुई थी। बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। दो अलमारियों से करीब ₹20 हजार नकद और सोने-चांदी के पुराने जेवर चोरी किए गए थे। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने 18 चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी दी है। इनमें इंदौर, रतलाम, आगरा, राजसमंद, नाथद्वारा, उदयपुर, मालेगांव, धुलिया, दिल्ली और गुरुग्राम की वारदातें शामिल हैं। पानी मांगकर घर देखते थे, फिर चोरी करते पुलिस के मुताबिक, गैंग के सदस्य पहले इलाके की रेकी करते थे। इसके बाद घर के लोगों से संपर्क करते थे। कभी पानी मांगने तो कभी कोई सामान रिपेयर करने के बहाने घर में घुसते थे। इस दौरान वे घर की स्थिति, परिवार की दिनचर्या और सुरक्षा की जानकारी लेते थे। इसके बाद मौका देखकर ताला तोड़ते और चोरी कर फरार हो जाते थे। जेवर के साथ चोरी के औजार भी मिले पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब ₹20 लाख के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए हैं। इसके अलावा दो टॉमी, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर, दो ग्लव्स और एक प्लास्टिक प्लास भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, इनका इस्तेमाल चोरी में किया जाता था। दो गिरफ्तार, चार आरोपी फरार आरोपियों में शिवराम उर्फ हनुमान पिता लादूराम बागरिया, निवासी देवरिया कलां, अजमेर और कालूराम पिता रतनलाल बागरिया, निवासी चंपानेरी, अजमेर शामिल हैं। फरार आरोपियों में सांवरा पिता रमेश बागरिया, सूरज पिता रमेश बागरिया और मदनबौदिया उर्फ सांवरा, निवासी अजमेर जिले के अलग-अलग गांव शामिल हैं। उमराव, निवासी कोटिया, भीलवाड़ा और वर्तमान में विजयनगर, ब्यावर में रहने वाला आरोपी भी फरार बताया गया है। एसपी के मुताबिक, फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनसे पूछताछ के बाद चोरी की अन्य वारदातों और चोरी के माल के बारे में जानकारी मिल सकती है। चार आरोपियों पर 27 केस दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गैंग के चार आरोपियों के खिलाफ राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में कुल 27 केस दर्ज हैं। शिवराम उर्फ हनुमान पर 16 केस दर्ज बताए गए हैं। इनमें इंदौर, दिल्ली, उदयपुर, भिनाय, गुलाबपुरा और केकड़ी समेत कई जगहों के मामले शामिल हैं। उमराव पर पांच, जबकि सांवरा और सूरज पर तीन-तीन केस दर्ज बताए गए हैं। ₹20 लाख के जेवर बरामद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से करीब ₹20 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ चोरी की दूसरी वारदातों और बाकी माल की बरामदगी पर जांच कर रही है।