महेश मालाकार खिलचीपुर। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय खिलचीपुर में गुरुवार को संविधान दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने एक साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और प्रस्तावना पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता *प्राचार्य बालकिशन दांगी* ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि संविधान ही हमारे देश की आत्मा है। संविधान से ही हमें मौलिक अधिकार मिले हैं और साथ ही मौलिक कर्तव्यों का भी पालन करना हमारा फर्ज है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने संविधान की रक्षा और देश के विकास में अपना योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।