भोपाल। भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में आशा एवं आशा सुपरवाइजर कर्मचारी संघ से संबंधित पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक 2 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित वल्लभ भवन में स्वास्थ्य मंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के साथ संपन्न हुई।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप गुर्जर सहित आशा सुपरवाइजर कर्मचारी संघ के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आशा एवं आशा सुपरवाइजर कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें मानदेय वृद्धि, नियमितीकरण, मानदेय का टुकड़ों में भुगतान करने के बजाय समय पर एकमुश्त भुगतान, सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, पेंशन तथा कार्यस्थल से जुड़ी विभिन्न समस्याएं शामिल रहीं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में घोषित ₹1000 की अतिरिक्त राशि का एरियर सहित भुगतान किए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
संघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं और उनके आर्थिक एवं सामाजिक हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में अधिकारी ने सभी मांगों को गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना तथा आश्वासन दिया कि मांगों पर विचार-विमर्श कर स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक के माध्यम से उचित कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे।