मध्य प्रदेश के शिक्षकों के लिए शिक्षक दिवस के अवसर पर एक बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों को चौथा वेतनमान देने की घोषणा की है। इस फैसले से प्रदेश के हजारों शिक्षकों को लाभ मिलेगा और राज्य सरकार पर 117 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
प्रशासन अकादमी, भोपाल में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए हमेशा तत्पर है और यह निर्णय उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रदेश के सरकारी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि वे सीबीएसई और आईएससी जैसे बोर्डों से सीधी टक्कर ले रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप सरकारी स्कूलों के बच्चे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 24-26 के लिए वेतनमान जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर लागू किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। प्रत्येक शिक्षक को सम्मान स्वरूप 25 हजार रुपए की सम्मान निधि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार' के लिए मध्य प्रदेश के दो शिक्षकों, दमोह जिले की शीला पटेल और आगर-मालवा जिले के भेरूलाल ओसारा, का चयन हुआ है। इन दोनों शिक्षकों को 5 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली में सम्मानित करेंगी।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेश के शिक्षकों में खुशी की लहर है। यह कदम शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। राज्य सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस दिशा में कार्य करती रहेगी।
Continue With Google
Comments (0)